समस्तीपुर: सबसे बड़ी खबर जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र से आ रही है जहां कि मुंबई में पिछले दिनों एक बड़े सोना व्यवसायी के यहां से करोड़ों के हीरे जवाहरात चुराकर फरार चोरों को थाना क्षेत्र के भटौरा गांव से गिरफ्तार किया गया है। मुंबई और समस्तीपुर पुलिस ने संयुक्त छापेमारी में चोर के पास से डेढ़ करोड़ के हीरे और 50 लाख का सोना बरामद किया है। अब पुलिस दोनों को मुंबई ले जाने की तैयारी कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार चोरी की इस बड़ी घटना के बाद व्यवसायी ने मुंबई में प्राथमिकी दर्ज कराई जिसके बाद इस पूरे मामले की जांच शुरू की गई। मुंबई पुलिस दोनों की तलाश में शुक्रवार को बिहार पहुंची और मधुबनी पुलिस के सहयोग से खुटौना थाने के सिहुला गांव निवासी विनोद यादव के बेटे नीरज कुमार को गिरफ्तार किया। जिसके बाद फिर नीरज के साथ पुलिस हथौड़ी के भटौरा गांव पहुंची और हथौड़ी पुलिस के साथ भटौरा गांव में छापेमारी कर राजा कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन दोनों के घर से चोरी हुई हीरे जवाहरात बरामद किया गया है। बरामद जेवरात में करीब डेढ़ करोड़ का हीरा और 50 लाख का सोना बताया गया है।
बताया गया है कि शिवाजीनगर प्रखंड के हथौड़ी थाने के भटौरा गांव निवासी रामचंद्र मंडल का बेटा राजा कुमार और उसका दोस्त मधुबनी के खुटौना थाने के सिहुला गांव निवासी विनोद यादव का बेटा नीरज कुमार मुंबई के खार थाना क्षेत्र की हीरा कारोबारी सुनीता के घर में दो सालों से काम करता था। इस दौरान दोनों ने पहले अपने मालिक का भरोसा जीता। फिर 13 फरवरी को मौका देखकर दोनों घर से करोड़ों के हीरे जवाहरात चोरी कर के भाग निकले।
वहीं पुलिस ने बताया कि राजा और नीरज दोनों 13 फरवरी को मुंबई से पवन एक्सप्रेस से निकले थे। कपड़े वाले बैग में दोनों ने गहने रखे थे। 15 फरवरी की रात वो अपने-अपने घर पहुंचे। दोनों मैट्रिक के स्टूडेंट्स भी थे। घर पहुंचने के बाद 16 को मैट्रिक परीक्षा में शामिल हुए।
इस मामले में हथौड़ी थानाध्यक्ष मोनू राय ने बताया कि मुंबई पुलिस के साथ की गई छापेमारी में पुलिस को सफलता मिली है। मुंबई से करोड़ों के हीरे जवाहरात चुराकर फरार दोनों चोरों को गिरफ्तार कर मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया गया है। अब पुलिस दोनों को मुंबई ले जाने की तैयारी कर रही है।


.gif)

إرسال تعليق